प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में 18,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया

प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में 18,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया

सिउड़ी सहित छह अमृत स्टेशनों का लोकार्पण

कोलकाता, 14 मार्च। ?विकसित बांग्ला, विकसित भारत? के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में लगभग 18,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क अवसंरचना, रेलवे, बंदरगाह और नौवहन सहित कई महत्वपूर्ण योजनाएँ शामिल हैं, जिनसे राज्य के विकास को नई गति मिलेगी।

रेलवे से जुड़े कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के छह पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही बेलदा?दांतन खंड के बीच तीसरी रेल लाइन तथा कलाईकुंडा?कानिमहुली खंड के बीच स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली को राष्ट्र को समर्पित किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने कोलकाता से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुरुलिया?आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएँ पूर्वी भारत में लॉजिस्टिक्स और परिवहन अवसंरचना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी। बेहतर सड़क संपर्क, आधुनिक रेलवे नेटवर्क और सुदृढ़ बंदरगाह प्रणाली पश्चिम बंगाल के आधुनिकीकरण का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से किसानों, व्यापारियों, उद्यमियों, छात्रों और आम नागरिकों को लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि मजबूत कनेक्टिविटी और आधुनिक अवसंरचना ही ?विकसित बांग्ला? की मजबूत नींव रखेगी।

प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटित छह पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों में कामाख्यागुड़ी, अनारा, तमलुक, हल्दिया, बराभूम और सिउड़ी स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों का पुनर्विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किया गया है। इस योजना के तहत स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।

इन स्टेशनों पर बेहतर स्टेशन पहुंच मार्ग, सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन, आकर्षक और प्रकाशयुक्त प्रवेश द्वार, उन्नत प्रतीक्षालय, लिफ्ट और एस्केलेटर की व्यवस्था, प्लेटफॉर्म की सतह और शेड का उन्नयन, निःशुल्क वाई-फाई सुविधा, आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली तथा बेहतर परिसंचरण क्षेत्र जैसी सुविधाएँ विकसित की गई हैं।

पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के अंतर्गत आने वाला सिउड़ी रेलवे स्टेशन पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में स्थित है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत इसके पुनर्विकास से यह स्टेशन एक आधुनिक नागरिक केंद्र और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगा। इससे सिउड़ी और आसपास के क्षेत्रों में रेलवे अवसंरचना आधारित सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

सिउड़ी स्टेशन पर अमृत स्टेशन के उद्घाटन को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हुए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएँ भी उपस्थित रहे। उन्होंने देखा कि किस प्रकार रेलवे स्टेशन भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किए जा रहे हैं, जो ?विकसित बांग्ला? के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।