बी.आर. सिंह अस्पताल में महिला स्वास्थ्यकर्मियों के लिए विशेष वेलनेस अभियान

कोलकाता। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के उपलक्ष्य में सियालदह मंडल के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा कर्मचारियों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए बी.आर. सिंह अस्पताल में महिला स्वास्थ्यकर्मियों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य जांच एवं वेलनेस शिविर का आयोजन किया गया।

इस पहल का उद्देश्य अनुबंधित महिला स्वास्थ्यकर्मियों तथा रोगी प्रबंधन से जुड़े महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच और निवारक देखभाल को सुनिश्चित करना था। महिला दिवस के बाद भी इस प्रकार की पहल जारी रखते हुए विभाग स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सतर्कता की संस्कृति को बढ़ावा दे रहा है।

शिविर में अग्रिम पंक्ति में कार्यरत महिला कर्मचारियों के शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ऊंचाई, वजन, रैंडम ब्लड ग्लूकोज (आरबीजी) तथा ईसीजी जैसी आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही महिलाओं में गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और रोकथाम के उद्देश्य से पैप स्मीयर टेस्ट के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर की जांच भी की गई।

यह वेलनेस अभियान बी.आर. सिंह अस्पताल में कार्यरत महिला स्वास्थ्यकर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति सियालदह मंडल की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्नत जांच सुविधाओं को प्राथमिकता देकर प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि मरीजों की सेवा में लगे स्वास्थ्यकर्मियों के स्वास्थ्य का भी समान रूप से ध्यान रखा जाए।