चैत्र नवरात्र पर वैष्णो देवी धाम की सुरक्षा कैसी होगी? घोड़ा-पिट्ठू वालों की कड़ी जांच, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी

चैत्र नवरात्र पर वैष्णो देवी धाम की सुरक्षा कैसी होगी? घोड़ा-पिट्ठू वालों की कड़ी जांच, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी

चैत्र नवरात्र के दौरान श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। रियासी एसएसपी परमवीर सिंह ने कटड़ा में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

एसएसपी ने कटड़ा में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया

संदिग्धों की तलाशी और पहचान पत्रों की जांच के निर्देश

कटड़ा। चैत्र नवरात्र के अवसर पर श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को तेज कर दिया है। रियासी एसएसपी परमवीर सिंह ने गुरुवार को कटड़ा में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटड़ा विपन चंद्रन, एसडीपीओ कटड़ा डॉ. भीष्म दुबे, एसएचओ कटड़ा इंस्पेक्टर रणजीत सिंह राव सहित जम्मू और कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ, सीआइडी, आईबी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान, एसएसपी ने नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया और यात्रा मार्ग पर कड़े सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों की गहन तलाशी और जांच करने का भी निर्देश दिया, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व को शांति भंग करने का अवसर न मिले।

फर्जी पहचान पत्रों के मामलों को गंभीर चुनौती मानते हुए, सभी अधिकारियों को पहचान पत्रों की सख्त जांच करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, कटड़ा और आसपास के क्षेत्रों में प्रवासियों का सत्यापन और गणना करने, घोड़ा चालकों, पिट्ठुओं और अन्य लोगों का प्राथमिकता से सत्यापन करने की बात कही गई।