हरदोई में जेठ ने भाभी को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत, घरेलू विवाद में वारदात

हरदोई। कछौना थाना क्षेत्र के फर्दापुर मजरा टिकारी गांव में शुक्रवार को घरेलू विवाद के चलते एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि महिला के जेठ ने पीछे से गोली मार दी, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम फर्दापुर मजरा टिकारी निवासी 25 वर्षीय मंजू पत्नी रामसेवक को उनके जेठ रामकुमार (लगभग 35 वर्ष) ने गोली मार दी। गोली लगने के बाद परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कछौना ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि शाम के समय थाना कछौना पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एसपी ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है और फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रामकुमार का अपनी पत्नी से अक्सर विवाद होता रहता था। इसी विवाद के चलते मृतका मंजू और उनके पति रामसेवक आरोपी की पत्नी को अपने घर ले आए थे।
बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी रामकुमार घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए झगड़ा करने लगा। इसी दौरान उसने मंजू के पीठ पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से तहरीर लेकर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।