बागेश्वर धाम के समर्थन में शिवा महेश्वरनाथ धाम चांदपुर से निकाली जाएगी सनातन हिंदू एकता यात्रा

शाहजहांपुर।खुटार क्षेत्र के चाँदपुर गांव स्थित श्री शिवा महेश्वरनाथ धाम से 19 मार्च 2026 को सनातन हिंदू एकता यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के समर्थन में आयोजित की जा रही है। आयोजक यात्रा को सफल बनाने को लेकर लोगों से सम्पर्क कर कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं।
यात्रा का शुभारंभ श्री शिवा महेश्वरनाथ धाम, चाँदपुर से होगा। यह विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए बेला गांव स्थित गौरीकुंड स्थान पर समाप्त होगी। आयोजकों ने इस यात्रा में बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबियों, युवाओं और क्षेत्र के श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद जताई है।
कार्यक्रम के आयोजक पंडित जय कुमार त्रिवेदी (खंड प्रचार प्रमुख, खुटार) ने बताया कि सनातन हिंदू एकता यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक जागरूकता बढ़ाना और सनातन धर्म के प्रति लोगों को एकजुट करना है। उन्होंने सभी सनातन धर्म प्रेमियों से इस यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
कार्यक्रम के संरक्षक डॉ. मुकेश शुक्ला (प्रखंड मंत्री, खुटार, विश्व हिंदू परिषद/बजरंग दल) ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा के सफल आयोजन के लिए क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।