सकरारी गांव में पेड़ से लटका मिला किशोरी का शव, मामला संदिग्ध; पुलिस जांच में जुटी

सकरारी गांव में पेड़ से लटका मिला किशोरी का शव, मामला संदिग्ध; पुलिस जांच में जुटी

धानापुर/चंदौली। जनपद चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक किशोरी का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सकरारी गांव स्थित कोहड़ा पुलिया के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार बंधवापर गांव निवासी पूजा यादव (16 वर्ष) पुत्री राजनरायन यादव का शव एक शीशम के पेड़ से लटका हुआ पाया गया। शुक्रवार सुबह जब राहगीरों और ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटकते शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए मृतका की पहचान की पुष्टि की। बताया जा रहा है कि किशोरी इस वर्ष हाईस्कूल बोर्ड की परीक्षा दे रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है, क्योंकि शव का पैर जमीन से सटा हुआ बताया जा रहा है। इस कारण ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।

पुलिस फिलहाल प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मानते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। साथ ही पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।