दिनदहाड़े हत्या में बिहार कनेक्शन, 24 घंटे में पुलिस के हाथ लगा शूटर; साजिशकर्ताओं की तलाश तेज

चंदौली।अलीनगर क्षेत्र में साइकिल सवार मनोज कुमार की हत्या के मामले में पुलिस जांच का फोकस अब बिहार कनेक्शन और हत्या की साजिश पर केंद्रित हो गया है। पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर एक शूटर को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन अब भी कई सवालों के जवाब बाकी हैं। आखिर मनोज कुमार की हत्या किसने और क्यों कराई? क्या यह पुरानी रंजिश, सुपारी किलिंग या किसी अन्य विवाद का परिणाम है?

पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या को अंजाम देने के लिए बिहार के शूटरों का इस्तेमाल किया गया था। गिरफ्तार आरोपी सूरज उर्फ राजेश यादव, भोजपुर (बिहार) का निवासी है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसे हत्याकांड की साजिश और अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।

सबसे अहम बात यह है कि पुलिस ने अपने बयान में "मुख्य साजिशकर्ताओं" का उल्लेख किया है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि शूटर केवल वारदात को अंजाम देने के लिए लगाए गए थे, जबकि हत्या की योजना कहीं और तैयार की गई थी। ऐसे में अब जांच की दिशा हत्या के पीछे के मास्टरमाइंड तक पहुंचने पर केंद्रित हो गई है।

पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। हालांकि, पुलिस अभी फरार दूसरे शूटर और कथित साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

सूत्रों की मानें तो मामले का पूरा सच सामने आने के बाद हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों के नाम चौंकाने वाले हो सकते हैं। फिलहाल जिले भर की निगाहें पुलिस की प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जिसमें इस सनसनीखेज हत्याकांड के पर्दे के पीछे की कहानी सामने आ सकती है।