हरदोई में किसान की संदिग्ध हालात में मौत, गला दबाकर हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

हरदोई। जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय किशन पासी के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अज्ञात हमलावरों ने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि किशन पासी बुधवार रात अपने मकान के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने लाठी गर्दन पर रखकर उनका गला दबाया, जिससे उनकी मौत हो गई। सुबह जब परिवार के लोगों ने उन्हें देखा तो वह मृत अवस्था में पड़े थे।
मृतक के मुंह से खून निकल रहा था और उनकी जीभ दांतों के बीच में दबी हुई पाई गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के साथ फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
क्षेत्राधिकारी बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि अतरौली थाने पर सूचना मिली थी कि ग्राम आदमपुर निवासी किशन (45) अपने घर पर मृत पाए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
उन्होंने बताया कि मृतक की नाक से खून निकला हुआ था और जीभ दांतों के बीच में दबी हुई मिली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।