हरदोई में यज्ञशाला से 50 किलो का घंटा चोरी, भक्तों में आक्रोश, पुलिस सहायता केंद्र से कुछ दूरी पर चोरी से उठे सवाल

हरदोई। जिले के सुरसा थाना क्षेत्र के महुरा कला स्थित यज्ञशाला से मंगलवार रात करीब 50 किलो वजनी घंटा चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार महुरा कला यज्ञशाला के मुख्य गेट पर लोहे के पाइप में काफी समय से एक भारी घंटा बंधा हुआ था, जिसे श्रद्धालु पूजा के दौरान बजाते थे। बुधवार सुबह जब गांव के लोग यज्ञशाला परिसर की साफ-सफाई के लिए पहुंचे तो देखा कि पाइप कटा हुआ पड़ा है और घंटा वहां से गायब है। इससे साफ हुआ कि चोर रात के अंधेरे में घंटा काटकर ले गए।
ग्रामीणों का कहना है कि यज्ञशाला से कुछ ही दूरी पर पुलिस सहायता केंद्र मौजूद है, जहां पुलिसकर्मी भी तैनात रहते हैं। इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी हो जाना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सुरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में धार्मिक स्थलों पर चोरी की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। सुरसा थाना क्षेत्र के बौसरा गांव स्थित प्रसिद्ध बौसरनाथ मंदिर में वर्ष 2019, 2021 और 2023 में भी मंदिर के घंटों और दानपात्र की चोरी हो चुकी है, जिनका अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द चोरी का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।