सिविल सर्विस परीक्षा में कासगंज के अभिषेक यादव ने मारी बाजी, समाजसेवी अब्दुल हफीज गांधी ने किया सम्मानित

कासगंज। जनपद के ग्राम मौजी नगला निवासी अभिषेक यादव ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित सिविल सर्विस परीक्षा-2026 में 532वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से न केवल परिवार में बल्कि पूरे जनपद में हर्ष का माहौल है।

प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता मिलने के बाद मंगलवार को समाजसेवी एवं अधिवक्ता अब्दुल हफीज गांधी विशेष रूप से अभिषेक के गांव पहुंचे। उन्होंने युवा प्रतिभा को फूल-मालाओं से स्वागत किया और मिठाई खिलाकर उनकी सफलता पर बधाई दी। इस अवसर पर उनके पिता बृज मोहन यादव व माता रेखा यादव को भी बधाई देते हुए श्री गांधी ने कहा कि माता-पिता का त्याग और संस्कार ही बच्चों को इस मुकाम तक ले जाते हैं।

अब्दुल हफीज गांधीने अभिषेक यादव की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक में सफलता हासिल कर उन्होंने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और अनुशासन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा, "अभिषेक एक उभरते हुए प्रतिभाशाली युवा हैं। उनकी यह उपलब्धि पूरे जनपद कासगंज के लिए गर्व की बात है। मुझे विश्वास है कि वह अपने प्रशासनिक जीवन में भी पूरी ईमानदारी से जनता की सेवा करेंगे और नई ऊंचाइयों को छुएंगे।"

उन्होंने क्षेत्र के अन्य युवाओं से भी अभिषेक से प्रेरणा लेने और बड़े सपने देखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर रतनपुर फतियांके ग्राम प्रधान अभय सिंह यादव, शिक्षक इंद्रजीत सिंह, रामेश्वर दयाल, राम किशोर, अनिल कुमार प्रधान, अजय दरोगा, गया सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने अभिषेक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।