चाकू से हमला करने वाली महिला को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में मारपीट के मामले में फैसला न करने पर युवक के पिता के साथ मारपीट की गई। महिला ने चाकू से हमला किया, जिससे पिता गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों पर केस दर्ज कर आरोपी महिला शबाना को गिरफ्तार किया है।

मुरादाबाद।।मझोला थाना क्षेत्र में मारपीट के मामले में फैसला न करने पर युवक के पिता के साथ मारपीट की गई। इस दौरान महिला ने उसके ऊपर चाकू से हमला किया। शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों पर केस दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। मझोला थाना क्षेत्र के अक्शा मस्जिद जयंतीपुर निवासी तालिब हुसैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे मारुफ के ऊपर रंजिश के चलते बीते 22 फरवरी को दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडा और धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया था। मारपीट का केस दर्ज कराया था। इस मामले में मारुफ ने उसी दिन मझोला थाने में रिहान, उसके भाई सुऐब, शबाना समेत चार लोगों पर केस दर्ज कराया था।आरोप लगाया कि तभी से शबाना और उसके

परिवार वाले मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बना रहे थे। तालिब हुसैन के अनुसार बीते 28 फरवरी को दोपहर करीब 3:30 बजे वह घर से निकाल कर बाहर जा रहे थे। आरोप लगाया कि उसी दोरान शबाना, रिहान और एक अज्ञात व्यक्ति ने रोक कर गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी शबाना ने चाकू से तालिब हुसैन के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। आरोपी रिहान और उसके अज्ञात साथी ने भी तालिब हुसैन के साथ मारपीट की। चीखपुकार मचने पर लोग एकत्रित हए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। इस संबंध में एसएचओ मझोला रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी महिला शबाना, रिहान और एक अज्ञात के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। आरोपी शबाना को गिरफ्तार कर लिया गया है।