खड़ी कारों में तोड़फोड़, मूल कागजात और सामान चोरी

मुरादाबाद। थाना नागफनी क्षेत्र स्थित एक्सपोर्ट फर्म के पास खाली पड़े प्लॉट में खड़ी चार कारों में बीती देर रात अज्ञात लोगों ने तोड़फोड़ कर दी। इतना ही नहीं, वाहनों में रखे मूल कागजात और अन्य सामान भी चोरी कर लिया गया। पीड़ित वाहन स्वामियों ने मामले की तहरीर थाना नागफनी पुलिस को दे दी है।
थाना नागफनी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि दौलतबाग निवासी मोहम्मद सुहैल समेत अन्य लोगों ने तहरीर देकर अवगत कराया है कि उनके चार पहिया वाहन थाना क्षेत्र में स्थित पैरामाउंट एक्सपोर्ट फर्म के बराबर बने प्लॉट में खड़े थे। इनमें स्कॉर्पियो संख्या यूपी-21 डीपी-8110, औरा संख्या यूपी-21 सीयू-8545, बोलेरो संख्या यूपी-21 डीएच-047 तथा एक अन्य कार संख्या यूपी-15 एएम-7562 शामिल है। बताया गया कि दो और तीन मार्च की देर रात अज्ञात लोगों ने जानबूझकर वाहनों में तोड़फोड़ की। कारों में रखा सामान चोरी कर लिया गया तथा मूल कागजात भी गायब कर दिए गए। थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।