सिविल लाइन पुलिस ने हनी ट्रेप के जरिए लोगों को फसाने वाले गिरोह के छह सदस्यों को किया गिरफ्तार

सिविल लाइन पुलिस ने हनी ट्रेप के जरिए लोगों को फसाने वाले गिरोह के छह सदस्यों को किया गिरफ्तार


मुरादाबाद। थाना सिविल लाइन्स पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए अवैध वसूली करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए 3 महिलाओं समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 20,500 रुपये नकद और 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।मामला उस समय सामने आया जब रामगंगा विहार क्षेत्र निवासी एक महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके पति को षड्यंत्र के तहत हनी ट्रैप में फंसाकर 20,500 रुपये वसूले गए और वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। तहरीर के आधार पर थाना सिविल लाइन्स में मुकदमा दर्ज किया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन्स के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साक्ष्य संकलन किया और मुखबिर की सूचना पर रविवार को सोनकपुर पुल के नीचे चौकी फकीरपुरा क्षेत्र से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में सीबा उर्फ सानिया, निशा उर्फ ईशा, मुस्कान, जावेद, वसीम और अमन उर्फ अमान शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनकी महिला सदस्य पहले व्हाट्सएप और फोन कॉल के जरिए सीधे-साधे लोगों से दोस्ती करती थीं। बाद में मिलने के बहाने उन्हें होटल या किराए के फ्लैट पर बुलाकर आपत्तिजनक स्थिति में फोटो और वीडियो बना लिए जाते थे। इसके बाद दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मोटी रकम वसूली जाती थी।पीड़ित से तीन लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से 50 हजार रुपये नकद और 9,900 रुपये यूपीआई के माध्यम से लिए गए। साथ ही आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी कब्जे में ले लिया गया था। पुलिस को बरामद 20,500 रुपये अवैध वसूली की रकम में से प्राप्त हुए हैं।पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली भागने की फिराक में थे, तभी उन्हें दबोच लिया गया। गिरोह के अन्य संभावित कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।