केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने जनसंवाद में सुनी ग्रामीणों की जनसमस्याएं दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश।

पीलीभीत, बुधवार (25 फरवरी)।

केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने विकासखंड मरौरी के अंतर्गत ग्राम पंचायत अलखथान, बस्थना, प्रतापपुर और इगरा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

ग्राम पंचायत बस्थना में ग्राम प्रधान राकेश कुमार वर्मा ने गांव में अंत्येष्टि स्थल निर्माण की मांग रखी। इस पर मंत्री ने शीघ्र अंत्येष्टि स्थल बनवाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने गांव में संचालित शराब भट्टी को हटाने और आवारा पशुओं की समस्या भी प्रमुखता से उठाई। मंत्री ने शराब भट्टी को गांव से हटवाने का भरोसा दिलाया तथा विकासखंड अधिकारी लियाकत अली को निर्देशित किया कि आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भिजवाया जाए।

प्रतापपुर में ग्राम प्रधान द्वारा सड़क निर्माण की मांग किए जाने पर मंत्री ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र सड़क निर्माण कराने के निर्देश दिए। वहीं युवाओं ने खेल मैदान की मांग रखी, जिस पर उन्होंने एसडीएम को उपयुक्त भूमि चिन्हित कर खेल मैदान की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

इगरा गांव में भी युवाओं ने खेल मैदान की आवश्यकता बताई, जिस पर मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने एक-एक व्यक्ति से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने उनके इस सरल और संवादात्मक अंदाज की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को इसी प्रकार जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुननी चाहिए।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, विधायक महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद, पूर्व विधायक किशनलाल राजपूत, ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा, किसान नेता देव स्वरूप पटेल सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।