पूरनपुर समाधान दिवस में 35 शिकायतों में सिर्फ 3 का निस्तारण, निर्देश जारी

पीलीभीत। शनिवार को ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में तहसील पूरनपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रशासनिक सक्रियता तो दिखी, लेकिन आंकड़े कई सवाल भी छोड़ गए। कुल 35 शिकायती प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से मौके पर केवल 3 शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। राजस्व, चकमार्ग और विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों की भरमार रही। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का 'गुणवत्तापरक निस्तारण' किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर मुआयना करें, दोनों पक्षों को बुलाकर निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करें और निस्तारण आख्या को पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि मुख्यमंत्री कार्यालय स्तर से जनसुनवाई शिकायतों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है, इसलिए लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।