रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा कलानौर कलां - डोभभाली दोहरीकृत रेलखंड का निरीक्षण

उत्तर पश्चिम रेलवे पर बीकानेर मंडल के कलानौर कलां - डोभभाली रेलखंड के दोहरीकरण कार्य का मंगलवार को रेल संरक्षा आयुक्त (पश्चिम परिमंडल) ई. श्रीनिवासन द्वारा विस्तृत निरीक्षण किया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अतिम सुदर्शन के अनुसार रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा बीकानेर रेल मंडल के कलानौर कलां - डोभभाली रेलखंड के दोहरीकरण कार्य का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान ट्रैक के ज्योमेट्रिकल पैरामीटर, वेल्डिंग गुणवत्ता, बैलास्ट पैकिंग, स्लीपर फिटमेंट, ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन) की स्थिति तथा सिग्नलिंग प्रणाली की कार्यक्षमता का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त समपार फाटकों, पुल-पुलियों, यार्ड लेआउट तथा यात्री सुविधाओं का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने मोटर ट्रॉली निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर ट्रैक का भी निरीक्षण किया गया।

रेल संरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवासन ने निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल में सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और किसी भी नए अथवा उन्नत रेलखंड को यात्री सेवा के लिए स्वीकृति देने से पूर्व व्यापक परीक्षण और मूल्यांकन किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित निरीक्षण, ट्रैक मेंटेनेंस और सिग्नलिंग मॉनिटरिंग को प्राथमिकता दी जाए।

निरीक्षण के अंतर्गत कलानौर स्टेशन का भी विस्तृत अवलोकन किया गया। स्टेशन यार्ड की संरचना, प्लेटफॉर्म की ऊंचाई, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, टिकट काउंटर तथा सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया गया। रेल संरक्षा आयुक्त ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की सराहना करते हुए आवश्यक सुधारों हेतु सुझाव भी दिए।

दोहरीकरण कार्य के अंतर्गत अत्याधुनिक मशीनों और तकनीकों का उपयोग किया गया। हाई-स्पीड ट्रैक लेइंग मशीन, टेम्पिंग मशीन तथा स्वचालित वेल्डिंग तकनीक के माध्यम से ट्रैक को और अधिक मजबूत बनाया गया है।

इस रेलखंड के दोहरीकरण से न केवल परिचालन क्षमता बढेगी बल्कि क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। मालगाड़ियों के संचालन में तेजी आएगी, जिससे कृषि उत्पाद, खनिज, औद्योगिक सामग्री तथा अन्य वाणिज्यिक वस्तुओं की ढुलाई अधिक कुशलतापूर्वक हो सकेगी। इससे लाहली स्टेशन के आसपास के लोगों के अतिरिक्त स्थानीय व्यापारियों, किसानों और उद्योगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबन्धक, बीकानेर गौरव गोविल के अतिरिक्त उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।