शहाबगंज: थाने को मिली नई प्रभारी, नवागत थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने संभाला पदभार कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण का भरोसा

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

शहाबगंज। थाना शहाबगंज में शुक्रवार को नई ऊर्जा और नई प्रतिबद्धता के साथ उपनिरीक्षक प्रियंका सिंह ने थानाध्यक्ष के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। उनका स्थानांतरण थाना कंदवा से थाना शहाबगंज में थानाध्यक्ष के पद पर किया गया है।गुरुवार को जारी आदेश के बाद वह शुक्रवार सुबह थाने पहुंचीं और विधिवत रूप से पदभार संभाल लिया।

कार्यभार ग्रहण करते ही थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अपराध नियंत्रण के लिए ठोस रणनीति के तहत काम किया जाएगा।उन्होंने गश्त व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।विशेष रूप से संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि रात्रि गश्त को प्रभावी बनाया जाएगा ताकि असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके।महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला उत्पीड़न, छेड़खानी, घरेलू हिंसा या अन्य किसी भी प्रकार की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ऐसे मामलों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

थाने पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण का भरोसा देते हुए उन्होंने कहा कि हर शिकायतकर्ता को न्याय दिलाना पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पीड़ित व्यक्ति को बार-बार थाने का चक्कर न लगाना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।पदभार संभालने के बाद उन्होंने थाने के समस्त पुलिसकर्मियों से परिचय प्राप्त किया। साथ ही थाने में लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की। जिन मामलों में देरी हुई है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, पारदर्शिता और जनसंवाद को मजबूत करने की सलाह दी। उनका कहना था कि पुलिस की छवि जनता के व्यवहार से बनती है, इसलिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए।क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बेहतर तालमेल से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

उन्होंने यह भी कहा कि थाना परिसर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाएगा।आमजन की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना ही पुलिस की वास्तविक सेवा है।नई थानाध्यक्ष के आगमन से क्षेत्र में बेहतर पुलिस व्यवस्था को लेकर नई उम्मीद जगी है।स्थानीय लोगों का मानना है कि उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास का माहौल बनेगा।थाना शहाबगंज अब नई कार्यशैली, सख्त निगरानी और जनसहयोग की नीति के साथ आगे बढ़ने को तैयार है।आने वाले समय में क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने की उम्मीद जताई जा रही है।

*थाने के अंदर बंद होगी दलालों की एंट्री*
शहाबगंज। थाने की कमान संभालने के बाद नवागत थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने सीधे तौर पर यह स्पष्ट कर दिया कि अब थाने के अंदर अब किसी भी तरीके के संदिग्ध व्यक्ति(दलालों)की एंट्री नहीं होगी। और ऐसे लोगों को चिन्हित भी किया जाएगा,जिसके बाद उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।