श्वान समस्या निराकरण के लिये जिला कलक्टर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित, संबंधित पक्षों ने जताई सहमति

श्रीगंगानगर क्षेत्र में श्वान समस्या के निराकरण के लिये जिला कलक्टर डाॅ. मंजू की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई।

इस दौरान संबंधित पक्षों ने समस्या के निराकरण के लिये हर संभव प्रयास एवं सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि जिला प्रशासन के प्रयासों के भविष्य में सार्थक परिणाम मिलेंगे।

बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि एनिमल बर्थ कंट्रोल कार्यक्रम के तहत आवारा श्वानों की नसबंदी सहित अन्य गतिविधियां सम्पादित करने के लिये सभी का सहयोग आवश्यक है। आमजन के साथ-साथ पशु प्रेमी संस्थाओं की सहभागिता से ही श्वान समस्या का निराकरण हो पायेगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में डाॅग बाइट के मामले बढ़े है इसलिए ऐसी घटनाओं पर नियंत्रण के लिये प्रभावी और निरन्तर कार्रवाई की आवश्यकता है। इस समस्या के निराकरण के लिये सभी से सहयोग का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों की पालना में आवश्यक कार्रवाई की जाये।
बैठक में उपस्थित व्यापार मंडल प्रतिनिधियों एवं पशु प्रेमी संस्था प्रतिनिधियों ने भी समस्या के निराकरण के लिये हर संभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि भविष्य में भी उनका सहयोग बना रहेगा। इस पर जिला कलक्टर ने नगरपरिषद एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों को समुचित कार्य योजना बनाकर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित पक्षों से चर्चा एवं सहयोग के साथ श्वान समस्या का निराकरण किया जाये
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, नगरपरिषद आयुक्त रविन्द्र यादव, मंगत सेतिया, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अरूण लीला, व्यापार मंडल से नरेश सेतिया, सहित अन्य लोग मौजूद रहे।