नागपुर मंडल में छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती पर आयोजित हुआ प्रेरणादायी समारोह।

नागपुर मंडल में छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती पर आयोजित हुआ प्रेरणादायी समारोह।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई ।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा गुरुवार को राष्ट्रनायक, प्रखर राष्ट्रभक्त एवं महान मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती गरिमामय वातावरण में मनाई गई।मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने अध्यक्षता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने शिवाजी महाराज के अद्वितीय साहस, दूरदर्शी नेतृत्व, संगठन क्षमता तथा सुशासन की नीति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज ने विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, रणनीति और राष्ट्रभक्ति के बल पर एक सशक्त राज्य की स्थापना की, जो आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने आगे कहा कि शिवाजी महाराज के आदर्श?कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, स्वाभिमान एवं जनकल्याण?रेल प्रशासन सहित प्रत्येक सार्वजनिक सेवा से जुड़े व्यक्ति के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर हमें अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करना चाहिए।

इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ अधिकारीगण, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, संगठनात्मक एकता एवं उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के संकल्प के साथ किया गया।