संदिग्ध परिस्थितियों में ईंट-भट्टे पर किशोरी ने खाया जहर, जिला अस्पताल रेफर

पीलीभीत। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के खैरपुर गांव में बुधवार सुबह एक 16 वर्षीय किशोरी ने ईंट-भट्टे पर जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, खैरपुर गांव के पास स्थित एक ईंट-भट्टे पर एक मजदूर परिवार काम करता है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे परिवार की 16 वर्षीय किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेसुध होने लगी, तब परिजनों को घटना का पता चला। परिजनों ने तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर पहुंचाया। सीएचसी में डॉक्टरों ने किशोरी को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन जहर का असर शरीर में फैलने के कारण उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। चिकित्सकों ने किशोरी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पूरनपुर कोतवाली पुलिस और नायब तहसीलदार अभिषेक त्रिपाठी अस्पताल पहुंचे। नायब तहसीलदार ने किशोरी के शुरुआती बयान दर्ज किए हैं। किशोरी अपने पांच भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने यह कदम किसी घरेलू विवाद या अन्य मानसिक तनाव के कारण उठाया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।