लघु उद्योग भारती के निलंबित जिलाध्यक्ष के समर्थन में उतरे सदस्यों ने दी चेतावनी

लघु उद्योग भारती फतेहपुर के निलंबित जिला अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह के समर्थन में सदस्यों ने मलवाँ औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी बैठक की। यहाँ पर सदस्यों ने प्रदेश कार्यकारिणी को सीधे चेतावनी दे डाली। सदस्यों ने कहा, एक सप्ताह के अंदर सतेंद्र सिंह को पुनः जिला अध्यक्ष बनाया जाए नहीं तो सभी सदस्य अपना निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र होंगे और एक साथ संगठन से सामूहिक त्यागपत्र देंगे। तो वहीं मामले पर सतेंद्र सिंह ने सभी साथी सदस्यों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है।पिछले दो माह से फतेहपुर लघु उद्योग भारती को लेकर चल रही उठा पटक के बीच मलवाँ औद्योगिक क्षेत्र स्थित मोहिनी इंडस्ट्रीज में लघु उद्योग भारती के सदस्यों ने महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के लिए गए निर्णय पर निराशा जताई गई। साथ ही सभी सदस्यों ने एक सुर में सतेंद्र सिंह को अपना अध्यक्ष घोषित किया।सदस्यों ने प्रदेश कार्यकारिणी को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा, हम लोगों ने सतेंद्र सिंह के कहने पर लघु उद्योग भारती की सदस्यता ली थी।हमारे अध्यक्ष भी सतेंद्र सिंह ही हैं। जिस तरीके से फतेहपुर इकाई को भंग किया गया है वह निंदनीय है। इतना ही नहीं जिला अध्यक्ष सतेंद्र सिंह पर मनगढ़ंत आरोप लगाए वह दुखद है। सदस्यों ने कहा, लघु उद्योग भारती जैसे जिम्मेदार संगठन को एक तरफा निलंबन का निर्णय लेना शोभा नहीं देता। कुछ तथाकथित लोगों के आरोपों पर पूरे जिला इकाई को निलंबित करना किसी तानाशाही से कम नहीं है। पूरे मामले पर संगठन ने किसी से सदस्य से जानकारी तक नहीं ली।ऐसे में हम सभी सदस्य प्रदेश संगठन को एक सप्ताह का समय देते हैं, यदि इस दौरान सतेंद्र सिंह का निलंबन वापस लेते हुए उन्हें पुनः जिलाध्यक्ष नहीं बनाया जाता तो सभी सदस्य अपना निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र होंगे। इतना ही नहीं सभी सदस्य लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय को अपने लेटर पैड में लिखित रूप से सामूहिक त्यागपत्र देंगे। तो वहीं निलंबित जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिंह ने कहा, प्रदेश संगठन जिसे भी कार्यकारिणी में शामिल करेगी हम उनका स्वागत करेंगे।बैठक में निर्मल शंकर गुप्ता, डॉक्टर ओमप्रकाश गुप्ता, पवन सरावगी, रश्मि सरावगी, वीरेंद्र सिंह, अलोक कुमार मिश्रा, फारूक अहमद खान, अनुराग गुप्ता, अमित गुप्ता, प्रशांत, अजय प्रताप सिंह, मनोज साहू, कपिलदेव, मजहर अहमद, शिवम साहू, सुनील सिंह, नरेंद्र सचान, अलोक सिंह, सतेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहें।