वैष्णो देवी गुफा के अंदर नहीं बना सकते वीडियो, इंफ्लुएंसर पर FIR दर्ज; क्या हैं दर्शन के नियम?

वैष्णो देवी गुफा के अंदर नहीं बना सकते वीडियो, इंफ्लुएंसर पर FIR दर्ज; क्या हैं दर्शन के नियम?

एक इन्फ्लुएंसर, शिखा रस्तोगी ने पवित्र वैष्णो देवी गुफा के अंदर से वीडियो रिकॉर्ड कर अपलोड किया, जिससे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर लगे सख्त नियमों का उल्लंघन हुआ। श्राइन बोर्ड ने प्राथमिकी दर्ज की है, और पुलिस जांच कर रही है। घटना ने सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं, विशेषज्ञों ने जासूसी कैमरे की संभावना जताई है। लेख में दर्शन के विभिन्न नियमों का भी विवरण दिया गया है, जिसमें कुछ वस्तुओं और पोशाक पर प्रतिबंध शामिल हैं।

  • इन्फ्लुएंसर ने वैष्णो देवी गुफा के अंदर वीडियो बनाया
  • नियमों का उल्लंघन करने पर श्राइन बोर्ड ने FIR दर्ज की
  • पवित्र गुफा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाना सख्त मना है

जम्मू। श्री माता वैष्णो देवी की पवित्र गुफा के अंदर का वीडियो रिकॉर्ड करना या फोटो लेना, यहां तक की कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाना सख्त मना होता है। बावजूद इसके सोशल मीडिया की एक इंफ्लुएंसर ने नियमों का ताक पर रखकर गुफा के अंदर का वीडियो शूट कर वायरल किया है। श्राइन बोर्ड ने इस बाबत मामला दर्ज करा दिया है। वहीं, पुलिस भी आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

कटड़ा से वैष्णो देवी भवन की दूरी करीब 12 किलोमीटर है। यात्रा के प्रारंभ में सबसे पहला चेक प्वाइंट बाणगंगा से कुछ मीटर पहले दर्शनी ड्योढ़ी से होता है। यहां श्रद्धालुओं की चेकिंग और सामान की जांच की जाती है। इस बीच नियम है कि यात्रा के दौरान शराब, मांसाहार, तंबाकू, बीड़ी-सिगरेट, हथियार, और प्लास्टिक आदि ले जाना और इस्तेमाल करना, सख्त मना है। इस तरह यात्रा मार्ग पर विभिन्न चेक प्वाइंट होते हैं, जहां श्रद्धालुओं को चेकिंग करानी होती है।

यात्रा से पहले इन नियमों का रखें ध्यान

  • प्रामाणिक यात्रा पर्ची के बिना बाण गंगा चेक पोस्ट पार करने की अनुमति नहीं दी जाती।
  • श्रद्धालुओं को शॉर्ट्स, स्कर्ट, स्लीवलेस कपड़े, फटी जींस या छोटे कपड़े पहनकर यात्रा की अनुमति नहीं है
  • यात्रा के दौरान ट्रांजिस्टर या टेप रिकॉर्डर को बहुत तेज आवाज में बजाना मना है।
  • लाइटर, नुकीली नोक वाली धातु की कैंची, खिलौना हथियार आदि नहीं ले जा सकते।
  • यात्रा के दौरान बंदर या अन्य जंगली जानवरों को कुछ खाने की वस्तु देने पर प्रतिबंध है।

दर्शन से पहले इन नियमों का रखें खास ख्याल।

  • कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पवित्र गुफा में नहीं ले जा सकते।
  • चमड़े की बेल्ट या पर्स ले जाने की अनुमति नहीं होती।
  • सिक्के और अन्य मेटल से जुड़ी वस्तुएं पवित्र गुफा में नहीं ले जा सकते।
  • पवित्र गुफा में तेज आवाज में जयकारे नहीं लगा सकते।

क्या है मामला?

दरअसल, इंस्टाग्राम पर शिखा रस्तोगी नाम की इन्फ्लुएंसर ने अपनी प्रोफाइल पर वैष्णो देवी की पवित्र गुफा के अंदर का वीडियो अपलोड किया है। पवित्र गुफा में कोई भी इलेक्ट्रिक गैजेट ले जाना सख्त मना है। इसके बावजूद शिखा ने वीडियो बनाया और इसे वायरल किया। इस तरह इन्फ्लुएंसर ने न केवल नियमों को तोड़ा है, बल्कि वैष्णो देवी भवन की सुरक्षा पर सवाल भी खड़े करवा दिए हैं। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

सवाल: स्पाई कैमरे का उपयोग हुआ!

भवन में सुरक्षा इतनी कड़ी होती है कि एक पेन, पर्स या स्मार्ट वाच तक अंदर नहीं ले जा सकते। फिर कैमरा कैसे चल गया। विशेषज्ञों का मानना है कि ये स्पाई कैमरा हो सकता है, जिसे आम भाषा में छोटा जासूसी या गुप्त कैमरा भी कहते हैं। ये कैमरा इतना छोटा होता है कि इसे साधारण वस्तुओं जैसे कि चश्मे, कमीज के बटन में लगाकर वीडियो या फोटो रिकार्डिंग की जा सकती है और किसी को पता भी नहीं चलता। फिलहाल, जांच में ही सच सामने आएगा।