कन्हान यार्ड में प्वाइंट संख्या 103 ए-बी का ले-आउट सुधार कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण

कन्हान यार्ड में प्वाइंट संख्या 103 ए-बी का ले-आउट सुधार कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के इंजीनियरिंग विभाग द्वारा कन्हान यार्ड में प्वाइंट संख्या 103 ए-बी का ले-आउट सुधार कार्य रोलर्स की सहायता से सफलतापूर्वक एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया गया। यह कार्य रेल संरचना को अधिक सुरक्षित, सुदृढ़ तथा आधुनिक मानकों के अनुरूप बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

यह महत्वपूर्ण संरचनात्मक सुधार कार्य मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल अभियंता अर्पित सरन के प्रत्यक्ष नेतृत्व में संपन्न किया गया। कार्य के दौरान इंजीनियरिंग विभाग की अनुभवी टीम द्वारा उच्च स्तरीय तकनीकी मानकों, सुरक्षा नियमों एवं गुणवत्ता नियंत्रण का विशेष ध्यान रखा गया।

ले-आउट सुधार कार्य के अंतर्गत प्वाइंट संख्या 103 ए-बी की ट्रैक ज्योमेट्री को दुरुस्त किया गया, जिससे ट्रैक की स्थिरता में वृद्धि हुई है। इस सुधार के पश्चात यार्ड क्षेत्र में ट्रेनों की गति अधिक नियंत्रित एवं सुरक्षित हो सकेगी, जिससे मालगाड़ियों एवं यात्री गाड़ियों की आवाजाही पहले से अधिक सुचारू और निर्बाध रूप से संचालित की जा सकेगी।

इसके अतिरिक्त, ले-आउट सुधार से भविष्य में ट्रैक रख-रखाव की आवश्यकता में कमी आएगी, जिससे संसाधनों की बचत के साथ-साथ परिचालन लागत में भी कमी होगी। यह सुधार कार्य यार्ड की समग्र परिचालन क्षमता को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि नागपुर मंडल में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के सुधारात्मक, अनुरक्षण एवं संरचनात्मक विकास कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य रेलवे अवसंरचना को और अधिक मजबूत बनाना, परिचालन दक्षता को बढ़ाना तथा यात्रियों और माल परिवहन दोनों के लिए सुरक्षित एवं विश्वसनीय रेल सेवा सुनिश्चित करना है।