अंतरराष्ट्रीय महिला एवं बालिका विज्ञान दिवस पर जोधपुर मंडल में विविध कार्यक्रम आयोजित

अंतरराष्ट्रीय महिला एवं बालिका विज्ञान दिवस पर जोधपुर मंडल में विविध कार्यक्रम आयोजित

300 रेल कर्मियों ने लिया क्विज प्रतियोगिता में भाग

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर रेल मंडल के मंडल परिसर में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय महिला एवं बालिका विज्ञान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों तथा महिला रेल कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यह दिवस प्रतिवर्ष 11 फरवरी को संयुक्त राष्ट्र द्वारा मनाया जाता है। इसका उद्देश्य विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं की समान एवं सम्मानजनक भागीदारी सुनिश्चित करना तथा उनके योगदान को सम्मान देना है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल में भी विभिन्न तकनीकी एवं परिचालन क्षेत्रों में महिलाओं की भूमिका निरंतर सशक्त हो रही है।

इस उपलक्ष्य में मंडल परिसर में महिला रेल कर्मियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विज्ञान आधारित प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता कुल 25 अंकों की थी, जिसमें वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव एवं वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (ईएनएचएम) अरुण कुमार ने 25 में से 25 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया व सोनल वर्मा (सीसीटीएस) जिन्होंने महिलाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त किए हैं। मंडल रेल प्रबंधक ने मंच पर आमंत्रित कर पुरस्कृत किया तथा उन्हें ?विज्ञान दूत? के रूप में चयनित किया। साथ ही शेष अन्य प्रतिभागी रेल कर्मचारियों को 200 रुपए प्रत्येक को सम्मानित कर बधाई दी गई।

कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बालिका विज्ञान दिवस से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अधिकारियों एवं रेल कर्मियों ने अवलोकन किया। मंच का संचालन वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी द्वारा किया गया।