हरदोई में तेज रफ्तार बस और डंपर की टक्कर, 11 बाराती घायल, शाहाबाद रोड पर हुआ हादसा

हरदोई। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अटवा के पास तेज रफ्तार बस और डंपर की आमने-सामने टक्कर में एक दर्जन के करीब लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए पहुंच गए। घायलों को एम्बुलेंस और निजी वाहनों से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शी ज्ञानेंद्र कुमार के अनुसार आलमपुर पोस्ट अरवल क्षेत्र से एक बारात बस से जा रही थी। हरदोई से करीब 10 से 12 किलोमीटर आगे अटवा के पास बस ने तेज रफ्तार में सामने चल रहे डंपर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार कई लोग घायल हो गए।
मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर ने बताया कि कुल 11 लोग घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचे हैं। सभी लोग शादी समारोह में जा रहे थे। टक्कर के कारण कुछ लोगों को सिर और सीने में चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल दो लोगों का सीटी स्कैन कराया जा रहा है, जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
क्षेत्राधिकारी नगर अंकित मिश्रा ने बताया कि बस और डंपर की टक्कर की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।