दो कारें आमने-सामने टकराई कई लोग घायल,CHC में हुआ प्राथमिक उपचार

सोमवार रात खुटार-मैलानी रोड पर नारौठा देवीदास गांव के पास एक मैरिज लॉन के सामने दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दोनों कारों में कुल नौ लोग सवार थे। हादसे में कोई भी गंभीर घायल नहीं हुआ है। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटार में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

जानकारी के अनुसार, गांव हरनाई निवासी अक्षय गुप्ता जलालाबाद से खुटार लौट रहे थे। उन्होंने अपने घर फोन कर कार मंगवाई थी। उनका पौत्र आयुष गुप्ता अपने साथी अनुपम, अरविंद कुमार और ओम गुप्ता के साथ कार लेकर खुटार आ रहा था। रात करीब 8 बजे जब वे बाबा चौराहा से कुछ आगे पहुंचे, तभी खुटार की ओर से आ रही दूसरी कार से उनकी टक्कर हो गई। इस कार में सवार अरविंद कुमार, ओम गुप्ता, आयुष गुप्ता और अनुपम घायल हो गए।

दूसरी कार में पीलीभीत के थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांव सोंधा निवासी भूपेंद्र कुमार, शाहजहांपुर के हथोड़ा निवासी 13 वर्षीय अरव पुत्र विमल, लखीमपुर के नंदापुर थाना मोहम्मदी निवासी 10 वर्षीय करन पुत्र अजय और शाहजहांपुर के हथोड़ा निवासी विमल सलनहा गांव निवासी अवनीश कुमार सवार थे जो घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटार के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी गौरव सक्सेना ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।