माह जनवरी में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा 20 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानजनक विदाई

माह जनवरी में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा 20 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानजनक विदाई

20 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नागपुर मंडल ने 9.25 करोड़/- की सेटलमेंट राशि सौंपी

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल ने सेवा निवृत्ति के दिन ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनकी संपूर्ण सेटलमेंट राशि का भुगतान करने की अपनी गौरवशाली परंपरा को कायम रखते हुए एक बार फिर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में दिनांक 30.01.2026 को आयोजित कार्यक्रम में, 31 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त होने जा रहे मंडल के कुल 20 कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति लाभ के रूप में कुल 9,25,37,994/- (नौ करोड़ पच्चीस लाख सैंतीस हजार नौ सौ चौरानवे रुपये) की राशि प्रदान की गई।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेटलमेंट राशि के साथ-साथ परिचय पत्र, एफआईसी कार्ड, केलकुलेशन शीट, सेवा प्रमाणपत्र, पीपीओ, समरी शीट एवं सेवा-पुस्तिका का प्रथम पृष्ठ भी सौंपा गया, जिससे उन्हें भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने समस्त सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं दीर्घायु जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेवा काल के दौरान जो सपने अधूरे रह गए हों, सेवानिवृत्ति उपरांत प्राप्त इस राशि के समुचित उपयोग से उन्हें साकार किया जा सकता है। उन्होंने यह भी आशा व्यक्त की कि सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं उनके परिवारजन सदैव प्रसन्न और स्वस्थ रहें।

इस कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी उदय कुमार भारती, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक बी. श्रीधर, मंडल कार्मिक अधिकारी श्वेता एच.के. छोरिया सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ शाखा अधिकारीगण उपस्थित रहे।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा कर्मचारियों के कल्याण एवं सम्मानजनक सेवानिवृत्ति सुनिश्चित करने की यह पहल, संगठन की कर्मचारी-हितैषी नीति को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।