हरदोई में मारपीट में वृद्ध की मौत का मामला, दो नामजद आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

हरदोई। हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अर्जुनपुर में मारपीट के दौरान हुई एक वृद्ध की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 जनवरी 2026 को खुशबू पत्नी गोविन्द सिंह, निवासी ग्राम अर्जुनपुर थाना हरपालपुर, ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के ही रावेन्द्र सिंह पुत्र कैलाश सिंह, भानुप्रताप सिंह पुत्र अवधेश सहित कुल पांच आरोपियों ने उनके ससुर अशोक कुमार पुत्र जय सिंह के साथ मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल अशोक कुमार को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
वादिनी की तहरीर के आधार पर हरपालपुर थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर मामले की विवेचना शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए और आरोपियों की तलाश शुरू की।
सीओ हरपालपुर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह पंकज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी रावेन्द्र सिंह पुत्र कैलाश सिंह और भानुप्रताप सिंह पुत्र अवधेश को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी हिरासत में लिया जाएगा। प्रकरण में सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई नियमानुसार प्रचलित है।
घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस की सतर्कता से स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।