हरदोई प्रवास पर जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, संगठनात्मक अभियानों की प्रगति पर की समीक्षा, समन्वय पर दिया विशेष जोर

हरदोई। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बागवानी, कृषि निर्यात एवं विपणन दिनेश प्रताप सिंह अपने हरदोई प्रवास के दौरान जिला भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पहुंचे। उनके आगमन पर जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया।
जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित जिला पदाधिकारी बैठक में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में एसआईआर (SIR) तथा वीबीजीरामजी अभियान की प्रगति, भावी कार्ययोजना और संगठन की मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मंत्री ने कहा कि ये दोनों अभियान पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इनके माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना उद्देश्य है।
उन्होंने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संगठन के निर्देशों का पालन करते हुए बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाई जाए और जनसंपर्क को और मजबूत किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने संगठनात्मक अनुशासन और समन्वय पर विशेष जोर दिया।
बैठक के उपरांत भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नितिन नवीन के चुने जाने पर जिला कार्यालय में हर्षोल्लास का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी जताई और पटाखे फोड़कर जश्न मनाया।
इस अवसर पर डीसीबी अध्यक्ष अशोक सिंह, जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह, जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा, ओम वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी गांगेश पाठक, पूर्व उपाध्यक्ष आज़ाद भदौरिया, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष, विश्व युवा मोर्चा से सनी दीक्षित, हर्षित मिश्रा, ऋषभ तिवारी, आदेश शुक्ला, भूपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी के और अधिक सशक्त होने का विश्वास व्यक्त किया।