रजावली में घायल गौवंश, गौरक्षक दल की तत्परता से मिला इलाज

फिरोजाबाद। थाना रजावली क्षेत्र में मंगलवार रात होटल ब्रजवासी के पास एक गाय वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं रजावली मार्ग पर एक अन्य गाय कई दिनों से घायल अवस्था में पड़ी थी। सूचना देने के बाद भी पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे घायल गौवंश दर्द से तड़पते रहे।

घटना की जानकारी मिलते ही गौरक्षक दल के सदस्य मौके पर पहुंचे और हालात को संभाला। गौरक्षक दल के नगर अध्यक्ष टुंडला देवांश ठाकुर ने बताया कि गोवंशों को सड़क पर लावारिस छोड़ देना उनकी जान के लिए खतरा बन रहा है। इसी वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि रात में सूचना देने के बावजूद पुलिस प्रशासन और ब्लॉक प्रशासन का कोई भी अधिकारी गायों को अस्पताल भिजवाने तक मौके पर नहीं आया।

गौरक्षक दल के नगर अध्यक्ष देवांश ठाकुर, नितिन ठाकुर, जितेंद्र माथुर, जितेंद्र कुमार, राहुल कुमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैरिकेडिंग कर यातायात को सुरक्षित रखा और रात में ही पशु चिकित्सक को बुलाकर घायल गौवंशों का प्राथमिक उपचार कराया। बुधवार सुबह आगरा से एम्बुलेंस मंगवाकर दोनों गंभीर रूप से घायल गायों को इलाज के लिए भेजा गया।

सूचना मिलने पर ग्राम पंचायत कातिकी के ग्राम प्रधान पति यशवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे और इलाज की व्यवस्था पूरी होने तक वहां मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि यदि कोई गोवंश पालने में असमर्थ है तो उसे सड़क पर छोड़ने के बजाय नजदीकी गौशाला में छोड़ा जाना चाहिए।

दोनों घायल गायों को उपचार के लिए आगरा स्थित गोवंश अस्पताल भेजा गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रजावली मार्ग पर लावारिस गोवंशों की समस्या लगातार बढ़ रही है। लोगों ने मांग की है कि गोवंशों को सड़क पर छोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई हो और गौशालाओं की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।