शेखूपुर विवाहिता आत्महत्या मामला: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी।

फिरोजाबाद। थाना रजावली क्षेत्र के गांव शेखूपुर में 24 जनवरी को एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। इस मामले में मृतका के परिजनों की तहरीर पर थाना रजावली में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस द्वारा की जा रही विवेचना के क्रम में सोमवार 26 जनवरी को मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी रामेन्द्र सिंह उर्फ टिंकू को थाना रजावली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई थानाध्यक्ष श्री ब्रजकिशोर सिंह के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है तथा उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की जा रही है, ताकि घटना के सभी पहलुओं का खुलासा हो सके।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है, वहीं परिजनों में कानून-व्यवस्था को लेकर भरोसा भी मजबूत हुआ है।