समरसेबल का सामान चोरी, चोरों के हौसले बुलंद

फिरोजाबाद। थाना खैरगढ़ क्षेत्र के गांव प्रतापपुर में बीती रात चोरों ने समरसेबल से जुड़ा कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरों ने समरसेबल की छत से पटिया हटाकर वारदात को अंजाम दिया।

सुबह जब समरसेबल स्वामी प्रवीण कुमार पुत्र श्याम सिंह समरसेबल पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि गेट खोलने का प्रयास करने पर वह अंदर से बंद है। इस पर उन्हें संदेह हुआ। बाद में छत पर जाकर जांच की गई तो एक पटिया उठी हुई मिली। अंदर झांककर देखने पर स्टार्टर गायब मिला।

इसके बाद जब लाइट जलाकर देखा गया तो झटका मशीन और बैटरी भी चोरी पाई गई। इतना ही नहीं, खेत में सिंचाई के लिए डाले गए पाइप को भी कई जगह से काटकर चोर ले गए।

घटना की सूचना तुरंत डायल-112 को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सामान चोरी होने की पुष्टि की। इसके बाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मुआयना किया।

घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने चोरी हुए सामान की शीघ्र बरामदगी तथा चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।