हरदोई में सड़क किनारे खून से लथपथ मिला युवती का शव, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

हरदोई। पचदेवरा थाना क्षेत्र के अनंगपुर?शाहाबाद मार्ग पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब रूरा गांव के पास सड़क किनारे एक अज्ञात युवती का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की उम्र लगभग 20-25 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि युवती की मौत किसी सड़क दुर्घटना में हुई होगी, लेकिन घटनास्थल की स्थिति और शव पर मिले गहरे घाव कई संदेह खड़े कर रहे हैं। युवती के चेहरे, आंख और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जबकि कपड़े भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त थे।
ग्रामीणों ने दुर्घटना की आशंका को खारिज करते हुए मामले में हत्या की संभावना जताई है। उनका कहना है कि युवती को उन्होंने पहले कभी क्षेत्र में नहीं देखा। आसपास के गांवों में भी किसी युवती के लापता होने की सूचना नहीं मिली है। इससे घटना और अधिक संदिग्ध प्रतीत हो रही है।
पुलिस टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। थानाध्यक्ष शिवनारायण सिंह ने बताया कि मामले की जांच सभी संभावित एंगल से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है। पुलिस ने मृतका की पहचान के लिए आसपास के सभी थानों को सूचना भेज दी है और पहचान से जुड़े सुराग तलाशे जा रहे हैं।