हरदोई में नीलामी की लकड़ी काटने के दौरान वन कर्मियों पर उत्पीड़न का आरोप, पीड़ित ने पुलिस से की शिकायत, जांच कराकर कार्रवाई की मांग

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के आलू थोक, बावन चुंगी निवासी अशोक कुमार ने नीलाम हुई लकड़ी काटने के दौरान वन विभाग के एक कर्मचारी पर उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस मामले में IGRS पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हुए दोषी कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, उपायुक्त प्रशासन राज्यकर कार्यालय के परिसर में स्थित पेड़ों की नीलामी की प्रक्रिया पूरी की गई थी। इस नीलामी में अधिकतम 80 हजार रुपये की बोली मोहम्मद नाजिम निवासी काजीटोला, कन्नौज द्वारा लगाई गई, जिसके बाद नाजिम ने विधिक अधिकार के तहत लकड़ी कटान का जिम्मा अशोक कुमार को सौंप दिया।
अशोक कुमार का आरोप है कि नीलामी की शर्तों के अनुसार अनुमति होने के बावजूद, लकड़ी काटने के दौरान वन विभाग के कर्मचारी विकास पटेल द्वारा बार-बार अनावश्यक रूप से रोका-टोका गया और लगातार 50 हज़ार रूपये देने का दबाव डाला गया। जिसको देने में वह असमर्थ था। पीड़ित के मुताबिक, विभागीय कर्मचारी के व्यवहार ने न केवल काम में बाधा उत्पन्न की, बल्कि समय पर कार्य पूरा न हो पाने से आर्थिक नुकसान की भी आशंका है।
अशोक कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से अनुरोध किया है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ उचित दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में नीलामी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सहजता बनी रहे। पीड़ित ने मामले की पुलिस विभाग को ऑनलाइन शिकायत की है और कार्रवाई की प्रतीक्षा में है।