बीरबल चौक के पास एक युवक पर 15 लोगों द्वारा किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर

श्रीगंगानगर शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। आज बीरबल चौक के पास गली नंबर 2 में सरेआम गुंडागर्दी का एक गंभीर मामला सामने आया, जहाँ जीनगर समाज के एक युवक पर करीब 15 लोगों ने मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल युवक के भाई इमीचंद डालिया ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके भाई टेकचंद को 15 लोगों ने मिलकर बुरी तरह पीटा। हमले में टेकचंद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इमीचंद ने तुरंत जिला अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

​पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप....

​इमीचंद डालिया ने इस पूरी घटना को लेकर पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई को अस्पताल में भर्ती कराए हुए 2 से 3 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन की तरफ से कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर या अस्पताल में सुध लेने नहीं पहुंचा है। इस देरी को लेकर परिवार में गहरा रोष है।

क्या खत्म हो गया है पुलिस का खौफ....?

श्रीगंगानगर में आए दिन घट रही आपराधिक घटनाएं कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा रही हैं। इस ताजा घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अपराधियों में पुलिस का भय नहीं रहा। शहर में सरेआम हो रही ऐसी वारदातों से आम नागरिकों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि श्री गंगानगर अपराधियों और नशे का अड्डा बनता जा रहा है, जिस पर लगाम कसना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।