मुरादाबाद बेहतर बिजली सप्लाई के लिए विभाग करेगा नई व्यवस्था

बेहतर बिजली सप्लाई के लिए विभाग करेगा नई व्यवस्था

मुरादाबाद उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं देने की दिशा में पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने बड़ी पहल की है। निगम की नई व्यवस्था एक नवंबर से लागू होंगी। इस दौरान पावर कट केवल आवश्यकता अनुसार और योजनाबद्ध तरीके से किए जाएंगे। जिससे उपभोक्ताओं को न्यूनतम असुविधा हो। प्रबंध निदेशक अधीक्षण अभियंता वितरण खंड को नगरीय क्षेत्रों की साप्ताहिक समीक्षा करने की निर्देश दिए हैं। यह जानकारी मुख्य अभियंता विद्युत वितरण खंड ने कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद प्रेस वार्ता के दौरान बताई है।

गुरुवार को मुख्य अभियंता विद्युत वितरण खंड अशोक कुमार चौरसिया ने कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि निगम ने उपभोक्ता सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। आईटी प्रणाली को अद्यतन कर सभी आवश्यक तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निगम के निदेशक (तकनीकी) और निदेशक (वाणिज्य) द्वारा आगामी तीन दिनों में पावर कॉरपोरेशन को संगठनात्मक प्रस्ताव भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि मुरादाबाद शहर की विद्युत व्यवस्था को पुनर्गठित करते हुए इसे अतिरिक्त अधिकारियों में भागों बांटा गया है। ट्रांसमिशन, डिस्ट्रीब्यूशन, सर्विस स्टेशन, 11 केवी फीडर में उपभोक्ताओं को विभाजित किया गया है। शहर के चार अधिशासी अभियंताओं को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधीक्षण अभियंताओं उपभोक्ताओं को बिलिंग, उपभोक्ता और राजस्व की वसूली के लिए लगाया गया है। मुख्य अभियंता ने बताया कि महत्वपूर्ण स्थापनाओं की निगरानी के लिए तीन मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। साथ ही उपभोक्ता सहायता के लिए चार हेल्प डेस्क बुद्धि विहार, दौलत बाग, जीआईसी और सीतापुरी में स्थापित की जा रही हैं। उपभोक्ताओं को सब स्टेशन की टेलीफोन डायरेक्टरी भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि निगम की इस नई व्यवस्था से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार, शिकायत निवारण की गति में वृद्धि और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्राप्त होंगी। निगम का उद्देश्य है कि उपभोक्ता संतोष को प्राथमिकता देते हुए हर स्तर पर पारदर्शी और त्वरित सेवा सुनिश्चित की जाए।