अहमदाबाद मंडल, पश्चिम रेलवे: नये कीर्तिमान गढ़ते हुए निरंतर प्रगति पर

अहमदाबाद मंडल, पश्चिम रेलवे: नये कीर्तिमान गढ़ते हुए निरंतर प्रगति पर

सितंबर 2025 में ₹763 करोड़ से अधिक के राजस्व के साथ हासिल की उल्लेखनीय उपलब्धियाँ

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने सितंबर 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक नई उपलब्धि दर्ज की है। मंडल ने इस अवधि में माल ढुलाई, यात्री सेवाएँ, पार्सल, लीजिंग और गैर-किराया राजस्व जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए ₹763 करोड़ से अधिक का राजस्व अर्जित किया। यह उपलब्धि मंडल की संगठित कार्यशैली, योजनाबद्ध रणनीति और टीम भावना का परिणाम है।

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने इस सफलता के लिए पूरी टीम को बधाई दी और भविष्य में भी इसी गति को बनाए रखने हेतु प्रेरित किया।

माल ढुलाई क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन

अहमदाबाद मंडल ने माल ढुलाई से ₹595.16 करोड़ की कमाई की, जो निर्धारित लक्ष्य ₹569.57 करोड़ से अधिक है। इसी माह 24 सितंबर 2025 को एक ही दिन में ₹25.94 करोड़ की माल आय और 95 रेक्स की लोडिंग दर्ज की गई, जो चालू वित्तीय वर्ष का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। भीमासर, खोडियार, हलवद और कांकरीया गुड्स शेड जैसे प्रमुख गूड्स टर्मिनलों ने अब तक का सर्वोत्तम प्रदर्शन किया है। IFFCO, BPC एवं अन्य निजी साइडिंग्स से भी रिकॉर्ड माल आय हुई। नई वस्तुओं जैसे मसूर दाल, खाद आदि तथा नए गंतव्यों पर लदान से ₹3.5 करोड़ से अधिक अतिरिक्त आय अर्जित की गई। कांकरीया, कंडला, हिम्मतनगर और गांधीधाम से सोडा ऐश, पेटकोक, गेहूं, औद्योगिक नमक, खाद और खाद्य तेल जैसी वस्तुओं की रेक्स लोड कर मंडल ने अतिरिक्त राजस्व प्राप्त किया।

पार्सल और लीजिंग क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ

पार्सल एवं लीजिंग के क्षेत्र में भी अहमदाबाद मंडल ने बेहतर प्रदर्शन किया। ई-ऑक्शन के माध्यम से 7 परिसंपत्तियों को दीर्घकालीन और 1 परिसंपत्ति को अल्पकालीन अवधि के लिए लीज पर दिया गया, जिससे ₹3.52 करोड़ की आय सुनिश्चित हुई।

इसके अलावा, रैपिड कार्गो सेवा के अंतर्गत 21 सितंबर 2025 से कांकरीया गुड्स शेड से संक्रैल गुड्स टर्मिनल यार्ड (पश्चिम बंगाल) के बीच नई टाइम टेबल पार्सल ट्रेन सेवा शुरू की गई। यह सेवा प्रत्येक रविवार को उपलब्ध है। अब तक दो ट्रिप्स संचालित की जा चुकी हैं, जिनमें कुल 510.59 टन माल का परिवहन कर ₹27.66 लाख का राजस्व अर्जित किया गया।

गैर-किराया राजस्व में नवाचार और बढ़ोतरी

गैर-किराया राजस्व में भी अहमदाबाद मंडल ने नवाचार और योजनाबद्ध प्रयासों के माध्यम से वृद्धि दर्ज की है। स्टेशनों और ट्रेनों पर विज्ञापन अनुबंधों से आय में बढ़ोतरी हुई। महेसाणा स्टेशन पर ?रेल कोच रेस्टोरेंट? की अभिनव अवधारणा को सफलतापूर्वक लागू किया गया, जिससे ₹1.07 करोड़ का अनुबंध प्राप्त हुआ।

यात्री सेवाएँ, टिकट चेकिंग और विशेष पहल

यात्री सेवाओं और टिकट चेकिंग के क्षेत्र में अहमदाबाद मंडल ने उल्लेखनीय कार्य किया है। टिकट चेकिंग से ₹1.90 करोड़ की आय अर्जित की गई। साबरमती स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेडियो टैक्सी (एप आधारित कैब/ऑटो/बाइक सेवा) के अनुबंध से ₹0.50 करोड़ की व्यवस्था की गई। विभिन्न स्टेशनों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाए गए, जिनमें 2435 से अधिक अनियमित यात्रा के मामलों में ₹16.91 लाख का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा, त्योहारी मौसम को ध्यान में रखते हुए 4 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं और कई ट्रेनों को नए ठहराव प्रदान किए गए हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिली है।

पार्किंग और खानपान सेवाओं से अतिरिक्त आय

असारवा और पालनपुर स्टेशनों पर पे-एंड-पार्क अनुबंधों से क्रमशः ₹0.45 करोड़ और ₹0.19 करोड़ की आय सुनिश्चित की गई। इससे यात्रियों को सुव्यवस्थित पार्किंग सुविधाएँ मिलीं और रेलवे को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ।

इन सभी उपलब्धियों के माध्यम से अहमदाबाद मंडल ने रेलवे के राजस्व, सेवाओं और यात्री सुविधाओं को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाने में अग्रणी भूमिका निभाई है। मंडल निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ते हुए भारतीय रेलवे की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।