फिरोजपुर मंडल ने रचा इतिहास – सभी टीटीई लॉबी में अब बायोमेट्रिक प्रणाली लागू! सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी...

फिरोजपुर मंडल ने रचा इतिहास-सभी टीटीई लॉबी में अब बायोमेट्रिक प्रणाली लागू।

उत्तर रेलवे का पहला मंडल, जहाँ सभी टीटीई लॉबी में 100 प्रतिशत बायोमेट्रिक प्रणाली लागू।

भारतीय रेलवे ने अपने टिकट जाँच कर्मचारियों के लिए एक नई बायोमेट्रिक साइन-ऑन और साइन-ऑफ प्रणाली शुरू की है, जो रेलवे संचालन के आधुनिकीकरण और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। फिरोजपुर मंडल उत्तर रेलवे का पहला ऐसा मंडल बन गया है, जहां सभी टीटीई लॉबी में बायोमेट्रिक साइन-ऑन और साइन-ऑफ उपस्थिति प्रणाली लागू कर दी गई है। फिरोजपुर मंडल के अमृतसर, लुधियाना, जलंधर सिटी, जलंधर कैंट, होशियारपुर, मोगा, फिरोजपुर कैंट और फाजिल्का रेलवे स्टेशनों के टीटीई लॉबी में सफलतापूर्वक लागू किया गया है। इस आधुनिक प्रणाली से कर्मचारियों की उपस्थिति अब अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सटीक रूप से दर्ज होगी। बायोमेट्रिक प्रणाली सुनिश्चित करती है कि उपस्थिति रिकॉर्ड सटीक और सत्यापन योग्य है। कर्मचारियों की उपलब्धता और ड्यूटी स्थिति पर रीयल-टाइम डेटा प्रदान करती है, जिससे अधिक कुशल प्रबंधन संभव होता है। यह प्रणाली कार्य-घंटों और लॉबी-संचालन की प्रभावी निगरानी प्रदान करती है।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि फिरोजपुर मंडल का डिजिटलीकरण की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है। बायोमेट्रिक साइन-ऑन और साइन-ऑफ प्रणाली न केवल कर्मचारियों की तैनाती को सुव्यवस्थित करेगी, बल्कि टिकट जाँच कर्मचारियों की समग्र कार्यकुशलता, पारदर्शिता और जवाबदेही में भी उल्लेखनीय वृद्धि करेगी, जिससे सभी रेलयात्रियों के लिए यात्रा अनुभव बेहतर होगा।