निजी स्कूल में जागरूकता सेमिनार, छात्राओं को मिली सुरक्षा और साइबर सुरक्षा की अहम जानकारी

श्रीगंगानगर में लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के पावन अवसर पर ऑपरेशन गरिमा पखवाड़ा के तहत शंकर कॉलोनी में एक निजी स्कूल में विशेष जागरूकता और सुरक्षा सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षा, आत्मरक्षा और साइबर जागरूकता के प्रति जागरूक करना था ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहकर समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें।

ऑपरेशन गरिमा के अंतर्गत सेमिनार जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहान के निर्देशन में किया गया जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर लाल RPS (SIUCAW) और महिला थाना प्रभारी सुमन जयपाल ने मार्गदर्शन किया। सेमिनार की अध्यक्षता कालिका पेट्रोलिंग यूनिट-2 के प्रभारी सुखदेव सिंह ने की।
विद्यालय की प्राचार्य शिखा परनामी, कोऑर्डिनेटर रीमा, शिक्षकगण और लगभग 80 छात्राएँ उपस्थित रहीं। छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और सुरक्षा, सतर्कता और आत्मरक्षा के महत्व को आत्मसात किया।
कार्यक्रम में छात्राओं को राजकोप सिटीजन एप, आपातकालीन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 1090 और साइबर सुरक्षा की व्यापक जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, बदसलूकी या साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन से संपर्क करना अत्यंत आवश्यक है।
कालिका पेट्रोलिंग यूनिट-2 की सदस्याएँ प्रियंका, संतोषी, सरोज और पूनम व महिला काँस्टेबल कांता ने छात्राओं से व्यावहारिक आत्मरक्षा तकनीकें और सुरक्षा टिप्स साझा किए। उन्होंने समझाया कि सतर्कता, जागरूकता और आत्मविश्वास ही किसी भी आपात स्थिति में सबसे बड़ा सहारा है। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट 2 की महिला कानि. प्रियंका द्वारा आधुनिक समय में बड़े सजग होकर शिक्षा को प्राप्त करना चाहिए व विस्तार से राजकोप सिटीजन एप की जानकारी देकर डाउनलोड करने के लिये प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के समापन सत्र में प्रभारी सुखदेव सिंह ने कहा कि जागरूक और सतर्क बालिकाएँ ही सुरक्षित और सशक्त समाज की मजबूत नींव है।
उन्होंने विद्यालय परिवार के सहयोग और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी के लिये विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि सुरक्षा सिर्फ व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की मजबूती का आधार है। छात्राओं ने इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और सतर्क रहने का संकल्प लिया।
विशेष रूप से उल्लेखनीय....
इस पहल ने यह भी उजागर किया कि राजकोप सिटीजन एप, आपातकालीन नंबर और महिला हेल्पलाइन जैसी सेवाएँ छात्राओं को हर समय सुरक्षा और सहायता का भरोसा देती है। जागरूक छात्रा और सतर्क समाज ही सुरक्षित और सशक्त भविष्य की वास्तविक कुंजी हैं।