राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर हरदोई में महा चौपाल का आयोजन, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, कहा- आज जो डिजिटल भारत दिख रहा, वो उनके सपनों की पहली ईंट

हरदोई। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर बुधवार को जिला व शहर कांग्रेस कमेटी हरदोई द्वारा संयुक्त रूप से ग्राम विधौरी नेवादा (ब्लॉक व थाना बिलग्राम) में "महा चौपाल" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष विक्रम पांडे, शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित, प्रदेश महासचिव सुभाष पाल, मुख्य महासचिव/प्रवक्ता अमलेंद्र त्रिपाठी, महासचिव कार्यालय प्रभारी राजेंद्र कुमार वर्मा एवं युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव अजीत विशाल समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष विक्रम पांडे ने कहा कि दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकी संगठन एलटीटीई को तमिलनाडु में प्रवेश से रोकने के लिए राजीव गांधी ने निर्णायक कार्रवाई की। उन्होंने श्रीलंका को सैन्य सहायता दी और देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए।

शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि राजीव गांधी ने उस भारत की कल्पना की थी जहाँ टेक्नोलॉजी सिर्फ किताबों में न हो, बल्कि गाँव-गाँव और घर-घर पहुँचे। आज जो डिजिटल भारत दिख रहा है, वह उनके सपनों की पहली ईंट है।

प्रदेश महासचिव सुभाष पाल ने कहा कि हमें राजीव जी को नेता नहीं, एक स्वप्नदृष्टा के रूप में याद करना चाहिए। उन्होंने भारत को तकनीकी रूप से सशक्त बनाया और अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूती से प्रस्तुत किया।

मुख्य महासचिव अमलेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि राजीव गांधी परिस्थितियों से बने नायक थे, जिनके नेतृत्व में कांग्रेस को ऐतिहासिक 400 सीटों का जनादेश मिला। कंप्यूटर क्रांति, दूरसंचार और ISRO की मजबूती उनके विजन का परिणाम है।

महासचिव कार्यालय प्रभारी राजेंद्र वर्मा ने कहा कि आज का तकनीकी भारत उन्हीं की सोच की नींव पर खड़ा है। प्रदेश सचिव अजीत विशाल ने उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि हम सभी उनके दिखाए मार्ग पर चलेंगे।