हरदोई के नए जिलाधिकारी बने अनुनय झा, महाराजगंज में थे तैनात, डीएम मंगला प्रसाद सिंह का बलिया तबादला

उत्तर प्रदेश शासन द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत हरदोई जनपद के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह का तबादला बलिया के जिलाधिकारी पद पर कर दिया गया है। उनकी जगह अब अनुनय झा, जो अभी तक महाराजगंज में जिलाधिकारी के पद पर कार्यरत थे, को हरदोई का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

अनुनय झा 2015 बैच के एक ईमानदार, सक्षम और होनहार आईएएस अधिकारी माने जाते हैं। उनके हरदोई आने की खबर से आम जनता और प्रशासनिक महकमे में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। लोगों को उम्मीद है कि वे जिले में पारदर्शिता और विकास की रफ्तार को और अधिक गति देंगे। हालांकि उनकी कार्यशैली और निर्णयों का मूल्यांकन आने वाले समय में ही किया जा सकेगा।

पूर्व जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह का हरदोई में कार्यकाल काफी सराहनीय रहा। उन्होंने न सिर्फ जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया, बल्कि शासन की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में भी सक्रिय भूमिका निभाई। उनके सहज और जनहितैषी व्यवहार के चलते वे आम लोगों के बीच लोकप्रिय रहे।

गौरतलब है कि प्रदेश सरकार द्वारा एक साथ 14 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। इस प्रशासनिक बदलाव को आगामी योजनाओं के क्रियान्वयन और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के रूप में देखा जा रहा है।