राजमाता पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर पर व्याख्यानमाला का भव्य आयोजन

आलापुर (अम्बेडकर नगर) ।गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, राजेसुल्तानपुर में एक गरिमामयी व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया, जिसमें मराठा साम्राज्य की महान शासिका राजमाता पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर के जीवन, कर्तृत्व और लोकहितकारी शासन पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए गए।

इस कार्यक्रम के आयोजक प्रधानाचार्य कप्तानसिंह रहे, जिनके मार्गदर्शन में यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. उदयराज मिश्र, प्रवक्ता एवं मंडल अध्यक्ष, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, अयोध्या मंडल, उत्तर प्रदेश ने प्रतिभाग किया। डॉ. मिश्र ने अहिल्याबाई होलकर के प्रशासनिक कौशल, सामाजिक सुधारों तथा धर्म व संस्कृति के संरक्षण हेतु उनके अतुलनीय योगदान को प्रभावशाली ढंग से रेखांकित किया।उन्होंने सोमनाथ और काशी विश्वनाथ मंदिरों को मुगलों द्वारा ध्वस्त करने के उपरांत राजमाता द्वारा जीर्णोद्धार कराए जाने सहित अनेक शिक्षालयों व देवालयों तथा घाटों की सीढ़ियों को बनवाकर भारतीय संस्कृति को जीवंत करते हुए सांस्कृतिक पुनर्जागरण का कार्य किया।

कार्यक्रम में अन्य विशिष्ट वक्ताओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। इनमें डॉ. संतोष कुमार सिंह, सुधीर शुक्ल, सर्वज्ञ कुमार, राजेश मिश्र, अमरनाथ पांडेय, श्यामकेतु सिंह तथा राणा प्रताप सिंह शामिल रहे। वक्ताओं ने अहिल्याबाई होलकर को भारतीय इतिहास की एक आदर्श नारी शासिका बताते हुए, उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

यह व्याख्यानमाला विद्यार्थियों, शिक्षकों व गणमान्य नागरिकों के लिए न केवल ऐतिहासिक जानकारी का माध्यम बनी, बल्कि सामाजिक चेतना एवं नारी सशक्तिकरण की दिशा में भी प्रेरणास्रोत सिद्ध हुई।

समापन पर प्रधानाचार्य कप्तानसिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं शैक्षिक आयोजनों की श्रृंखला जारी रखने की बात कही।कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों के अलावा तकरीबन दो हजार विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।