हरदोई में सर्राफा कारोबारी से लूट, कार का शीशा तोड़कर 5 किलो चांदी से भरा बैग लेकर फरार, स्विफ्ट कार सवार चार बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम

हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी की कार रोककर करीब पांच किलो चांदी से भरा बैग लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्विफ्ट कार से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले के जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को शाहजहांपुर निवासी हृदयराम सोनी अपने ड्राइवर के साथ वैगनआर कार से लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान शाहाबाद थाना क्षेत्र के बजरी प्लांट के पास स्विफ्ट कार सवार चार युवकों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया।
आरोप है कि कार सवार बदमाशों ने हृदयराम सोनी की कार का शीशा तोड़ दिया और उसमें रखा बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब पांच किलो चांदी होने की बात बताई गई है। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने भी घटनास्थल का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर शाहाबाद थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई कर रही है।