हरदोई में यातायात माह का शुभारंभ, डीएम-एसपी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, 1 से 30 नवंबर तक चलेगा कार्यक्रम

हरदोई। रिजर्व पुलिस लाइन में रविवार को जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने यातायात माह नवंबर का शुभारंभ किया। जो 1 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित सफर का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डीएम और एसपी ने उपस्थित लोगों को यातायात नियमों एवं सड़क संकेतों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर सुरक्षित चलने के लिए नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें।
अधिकारियों ने गुड सेमेरिटन यानि नेक मददगार योजना के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को इस योजना के तहत पुरस्कृत किया जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आएं और समय रहते उसे अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें। किसी की जान बचाना मानवता का सबसे बड़ा कार्य है।
इस मौके पर उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। इसके बाद शहर में यातायात जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम, क्षेत्राधिकारी अजीत चौहान, अनुज मिश्रा, प्रभा पटेल और यातायात निरीक्षक प्रमोद यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।