शंकरपुर पुल के पास नदी में मिला 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में मची सनसनी

आलापुर (अंबेडकरनगर)। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के खरुवइयां गांव के पास शंकरपुर पुल के नजदीक सोमवार दोपहर नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब दो बजे शंकरपुर पुल के पास नदी में एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ते ही इसकी सूचना राजेसुल्तानपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद शव को बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

शिनाख्त कराने में जुटी पुलिस

मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। व्यक्ति कौन था और नदी तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं, लेकिन मौत की वजह को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। शंकरपुर पुल के पास नदी में शव मिलने की घटना से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।