रामदेवरा स्टेशन पर डीआरएम ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

रामदेवरा स्टेशन पर डीआरएम ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

मेले में श्रद्धालुओं की सेवा करने वाले रेलकर्मी सम्मानित, आगामी त्योहारों में बेहतर व्यवस्था के निर्देश

जोधपुर। बाबा रामदेवरा मेले के सफल समापन के बाद उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने शनिवार को रामदेवरा स्टेशन पहुंचकर यात्री सुविधाओं और स्टेशन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम आवाजाही के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा की तथा आगामी त्योहारों में भी यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डीआरएम ने मेले की पूरी अवधि के दौरान रामदेवरा स्टेशन पर श्रद्धालुओं और यात्रियों की सेवा एवं सहायता में जुटे रेलकर्मियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के सेवाभाव, समर्पण और तत्परता की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने में रेलवे कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने रेलवे के सुरक्षित एवं संरक्षित संचालन, यात्री सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन के लिए किए गए विभिन्न इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही, मूलभूत सुविधाओं और भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए किए गए प्रबंधों की जानकारी ली। साथ ही यात्रियों से सीधे संवाद कर स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं को लेकर उनका फीडबैक भी लिया।

इस दौरान डीआरएम ने रामदेवरा मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मेले के दौरान रेलवे और मंदिर समिति के बीच हुए समन्वय, यात्री सुविधाओं तथा भीड़ प्रबंधन से जुड़े अनुभवों पर चर्चा की। श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित आवाजाही के लिए आपसी समन्वय को और प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन रेलवे की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) मनोहर सिंह, मंडल कार्मिक अधिकारी अमृत लाल, सहायक वाणिज्य प्रबंधक सुरेंद्र सिंह, सहायक मंडल इंजीनियर आशुतोष बट्टा सहित मंडल के अनेक अधिकारी मौजूद रहे।