बंदर के बच्चे की मौत से भड़के बंदर, खागा तहसील में मचा आतंक, बाजार में पसरा सन्नाटा

खागा।तहसील क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से बंदरों का आतंक चरम पर पहुंच गया है। एक बंदर के बच्चे की मौत के बाद बंदरों का पूरा झुंड आक्रामक हो गया है, जिसने तहसील परिसर, बाजार और आसपास के मोहल्लों में दहशत फैला रखी है। स्थानीय लोगों के अनुसार बंदरों का झुंड सुबह से ही तहसील परिसर, बस स्टैंड, सब्जी मंडी और मुख्य बाजार में घूम रहा है। बंदर राहगीरों पर झपट्टा मार रहे हैं, दुकानों से सामान उठा ले जा रहे हैं और छतों पर बैठकर लोगों को डरा रहे हैं। कई जगहों पर बंदरों ने महिलाओं और बच्चों को दौड़ा भी दिया, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दो दिन पहले एक बंदर के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। तभी से मादा बंदर समेत पूरा झुंड आक्रोशित है। झुंड उसी स्थान के आसपास मंडरा रहा है और आने-जाने वालों पर हमला करने की कोशिश कर रहा है। बंदरों के आतंक से बाजार में सन्नाटा पसर गया है। दुकानदार दुकानें खोलने से डर रहे हैं, वहीं स्कूली बच्चे और महिलाएं घरों से निकलने में घबरा रही हैं। लोगों ने वन विभाग और तहसील प्रशासन से बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ी घटना हो सकती है।