फिरोजपुर मंडल के ढिलवां गुड्स शेड से पहली बार माल लदान शुरू, रेलवे को मिला 6.62 लाख का राजस्व

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के निरंतर प्रयासों से ढिलवां गुड्स शेड से पहली बार माल लदान की शुरुआत की गई।

18 सितंबर 2026 को ढिलवां गुड्स शेड से पहली मालगाड़ी का सफल संचालन किया गया। इस दौरान पहली बार ब्लास्ट की लदान की गई। कुल 1,439 टन माल मालगाड़ी में लोड किया गया, जिससे रेलवे को करीब 6.62 लाख रुपये का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ।

माल लदान की इस प्रक्रिया को सफल बनाने में मंडल के वाणिज्य, परिचालन और इंजीनियरिंग विभागों के बीच बेहतर समन्वय रहा। संबंधित विभागों के संयुक्त प्रयासों से ढिलवां गुड्स शेड से पहली मालगाड़ी का संचालन सुचारु रूप से पूरा किया गया।

फिरोजपुर मंडल के अधिकारियों के अनुसार, ढिलवां गुड्स शेड से माल लदान की शुरुआत होने से क्षेत्र में माल परिवहन को रेल माध्यम से बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों को भी रेल परिवहन से जोड़ने में मदद मिलेगी।

मंडल द्वारा माल ढुलाई को बढ़ावा देने और नए ग्राहकों को रेल परिवहन से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ढिलवां गुड्स शेड से पहली बार माल लदान की उपलब्धि इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।