पनवेल-कलंबोली कोचिंग कॉम्प्लेक्स के काम के लिए 29 नवंबर से 7 दिसंबर तक रेलवे का विशेष ब्लॉक, कई ट्रेनें होंगी प्रभावित

पनवेल-कलंबोली कोचिंग कॉम्प्लेक्स के काम के लिए 29 नवंबर से 7 दिसंबर तक रेलवे का विशेष ब्लॉक, कई ट्रेनें होंगी प्रभावित

रात 1:50 से सुबह 4:05 बजे तक चलेगा ब्लॉक, कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकने के साथ एक ट्रेन का होगा रूट डायवर्ट

मुंबई। मध्य रेलवे के मुंबई मंडल द्वारा पनवेल-कलंबोली कोचिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्य से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार और सुरक्षा संबंधी कार्यों के लिए 29 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक विशेष पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक प्रत्येक मध्यरात्रि 1:50 बजे से सुबह 4:05 बजे तक संचालित होगा।

रेलवे के अनुसार, ब्लॉक 29/30 नवंबर की मध्यरात्रि से 6/7 दिसंबर की मध्यरात्रि तक लिया जाएगा। इसके दायरे में अप एवं डाउन कर्जत लाइन, दिवा-वसई-रोहा-पनवेल सेक्शन की लाइनें, जसई लाइन और पनवेल स्टेशन शामिल रहेंगे।

रेलवे का कहना है कि पनवेल कोचिंग कॉम्प्लेक्स का काम पूरा होने और चालू होने के बाद ट्रेनों के रखरखाव की सुविधाओं में सुधार होगा। इससे कोचिंग सुविधाएं बेहतर होंगी और ट्रेन मेंटेनेंस की व्यवस्था मजबूत होगी।

28/29 नवंबर का ब्लॉक निरस्त

रेलवे ने 28/29 नवंबर की मध्यरात्रि के लिए निर्धारित ब्लॉक निरस्त कर दिया है। हालांकि, 29 नवंबर को चलने वाली ट्रेन संख्या 11099 एलटीटी-मडगांव एक्सप्रेस को एलटीटी से सुबह 4:00 बजे पुनर्निर्धारित समय पर रवाना किया जाएगा।

29/30 नवंबर की मध्यरात्रि प्रभावित ट्रेनें

ट्रेन संख्या 22193 दौंड-ग्वालियर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को पोयंजे (म्होपे) स्टेशन पर 45 मिनट, ट्रेन संख्या 12134 मंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस को जिते स्टेशन पर 1 घंटे और ट्रेन संख्या 20112 मडगांव-सीएसएमटी कोंकण कन्या एक्सप्रेस को सोमटने स्टेशन पर 10 मिनट रोका जाएगा।

30 नवंबर/1 दिसंबर की मध्यरात्रि

ट्रेन संख्या 22114 तिरुवनंतपुरम-एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को आपटा स्टेशन पर 2 घंटे, ट्रेन संख्या 12134 मंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस को जिते स्टेशन पर 1 घंटे और ट्रेन संख्या 20112 कोंकण कन्या एक्सप्रेस को सोमटने स्टेशन पर 10 मिनट रोका जाएगा। इसके अलावा ट्रेन संख्या 11099 एलटीटी-मडगांव एक्सप्रेस 1 दिसंबर को एलटीटी से सुबह 4:00 बजे पुनर्निर्धारित समय पर रवाना होगी।

1/2 दिसंबर की मध्यरात्रि

ट्रेन संख्या 22149 एर्नाकुलम-पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस को आपटा स्टेशन पर 2 घंटे, ट्रेन संख्या 12134 मंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस को जिते स्टेशन पर 1 घंटे और ट्रेन संख्या 20112 कोंकण कन्या एक्सप्रेस को सोमटने स्टेशन पर 10 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।

वहीं, ट्रेन संख्या 11304 सोलापुर-एलटीटी एक्सप्रेस को कर्जत-कल्याण-ठाणे मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। इस दौरान ट्रेन को कल्याण स्टेशन पर ठहराव भी दिया जाएगा।

रेलवे के अनुसार, 2/3 दिसंबर से 6/7 दिसंबर तक के ब्लॉक के कारण प्रभावित होने वाली ट्रेनों की जानकारी बाद में जारी की जाएगी।

मध्य रेलवे ने यात्रियों से ब्लॉक के दौरान होने वाली असुविधा के लिए सहयोग करने की अपील की है। रेलवे का कहना है कि ये कार्य रेल बुनियादी ढांचे के सुधार और सुरक्षित परिचालन के लिए आवश्यक हैं।