पटाखा गोदामों और दुकानों का अग्निशमन विभाग ने किया फायर ऑडिट

मुरादाबाद। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अग्नि सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग ने जनपद में पटाखा निर्माण, भंडारण और बिक्री स्थलों पर सघन जांच अभियान चलाया। अपर पुलिस महानिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवा, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देश तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में स्कीम नंबर-11 के तहत यह अभियान चलाया गया।

प्रभारी अग्निशमन केंद्र हैलेट रोड, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी की टीमों ने विभिन्न पटाखा गोदामों एवं बिक्री स्थलों पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अभियान के दौरान चार स्थानों का निरीक्षण करते हुए कुल 22 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

अग्निशमन विभाग की टीमों ने गंगानगर अगवानपुर, कल्याणपुर और जमना वाला क्षेत्र में स्थित पटाखा भंडारण एवं बिक्री स्थलों का निरीक्षण किया। संचालकों और कर्मचारियों को मानकों के अनुरूप अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान उपस्थित कर्मचारियों को आग से बचाव के आवश्यक उपाय, अग्निकांड की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और सुरक्षित निकासी के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। विभाग ने सभी संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को अग्नि सुरक्षा उपकरणों को सदैव कार्यशील रखने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।